Dark Mode

पीएम नरेंद्र मोदी की अजमेर में ऐतिहासिक जनसभा - जानिए राजस्थान से चुनावी अभियान का कैसे आगाज किया प्रधानमंत्री मोदी ने

पीएम नरेंद्र मोदी की अजमेर में ऐतिहासिक जनसभा

 

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान में भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। बुधवार 31 मई को पीएम मोदी ने अजमेर में बड़ी सभा को संबोधित किया। केन्द्र की सत्ता में 9 साल पूरे होने पर ऐतिहासिक आमसभा का आयोजन किया गया। अपने 41 मिनट के संबोधन में पीएम मोदी ने बेजीपी सरकार की कई उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही कांग्रेस पर जमकर हमले बोले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए देश की जनता को जमकर लूटा था। कांग्रेस के राज में 85 प्रतिशत भ्रष्टाचार होता था जो वर्ष 2014 के बाद से बंद हो गया है। पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान सहित देश की जनता ने वर्ष 2014 में बीजेपी को सत्ता सौंपी थी। जनता के आशीर्वाद से पिछले 9 सालों में केन्द्र की भाजपा सरकार ने गरीब कल्याण के लिए काम किए हैं। सबका साथ सबका विकास के नारे के साथ हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि आपके वोट ने विकास को विश्वास में बदल दिया है जिसे आज पूरी दुनिया देख रही है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित राजस्थान बहुत जरूरी है

 

ये उपलब्धियां गिनाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने

 

अजमेर में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीजेपी सरकार ने देश के 19 करोड़ से अधिक लोगों को गैस कनेक्शन दिया। हमारे देश में 2014 तक 18 करोड़ से ज्यादा ऐसे परिवार थे जहां नल से जल नहीं आता था। बीजेपी सरकार ने बीते 3 साल में 9 करोड़ परिवारों को पानी के कनेक्शन से जोड़ा। केन्द्र सरकार ने वन रैंक वन पेंशन योजना लागू की। साथ ही र्व सैनिकों को एरियर भी दिया। वन रैंक वन पेंशन लागू होने के बाद 18 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि एरियर के तौर पर पूर्व सैनिकों को मिली है। इसका लाभ राजस्थान के करीब 2 लाख पूर्व सैनिकों को मिला है। वन रैंक वन पेंशन लागू होने की वजह से देश के पूर्व सैनिकों की जेब में अब तक करीब 65 हजार करोड़ रुपए गया है। किसानों के हितों को ध्यान में रखकर पिछले 9 वर्ष में कृषि बजट में 6 गुना वृद्धि की है। भाजपा सरकार में पहली बार किसानों को लागत का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य तय हुआ। पहली बार उनके बैंक खातों में उपज का मूल्य मिलना शुरू हुआ। पहली बार किसानों को राष्ट्रीय मंडी मिली और किसानों को फसल बीमा के तहत सवा लाख करोड़ रुपए से अधिक का मुआवजा मिला। देश के 11 करोड़ किसानों को 11 करोड सोयल हेल्थ कार्ड दिए गए। पहली बार किसानों को पीएम किसान निधि योजना शुरू की गई इसके तहत अभी तक 11 करोड़ किसानों को करीब ढाई लाख करोड़ रुपए मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार ने गेहूं और धान की खेती के अलावा भी किसानों के आय के दूसरे साधन विकसित करने काम किया है। पहली बार ज्वार बाजरा जैसे को मोटे अनाज को अन्न श्री का दर्ज देकर पूरी दुनिया में भेजने का प्लान बनाया है। भारत के प्रयास से ही संयुक्त राष्ट्र ने 2023 को मोटे अनाज का वर्ष घोषित किया। इसका सबसे ज्यादा फायदा राजस्थान के किसानों को मिलेगा।

 

कांग्रेस 85 प्रतिशत कमीशन खाने वाली पार्टी है - पीएम मोदी

 

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस के राज ने देश को जमकर लूटा। वर्ष 2014 के बाद यह लूट बंद हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सार्वजनिक रूप से माना था कि कांग्रेस सरकार सौ पैसे (एक रुपया) भेजती है तो उन 100 पैसों में से 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस 85% कमीशन खाने वाली पार्टी है। पहले बड़े-बड़े शहरों में आए दिन आतंकी हमले होते थे। कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़क बनाने से भी डरती थी। महिलाओं के विरुद्ध अपराध चरम पर था। प्रधानमंत्री के ऊपर एक सुपर पावर थी। पहले कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चल रही थी। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के साथ बड़ा विश्वासघात है। कई सालों तक चलाए गए टीकाकरण अभियान के बावजूद टीके पूरे नहीं लगाए जा सके। जीवन रक्षक टीका केवल का दायरा सिर्फ 60% के आसपास ही पहुंच पाया। अगर कांग्रेस सरकार होती तो देश में टीकाकरण की कवरेज 100 प्रतिशत होने में 40 साल और लग जाते हैं।

 

राजस्थान की कांग्रेस सरकार को भी लिया आड़े हाथों

 

प्रधानमंत्री ने राजस्थान कांग्रेस सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 5 वर्ष पहले आपने राजस्थान में एक जनादेश दिया था। उसके बदले में राजस्थान को क्या मिला। यहां पिछले 5 साल में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बना रहा। विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री आपस में लड़ने में ही बिजी रहे हैं। उन्हें राजस्थान की जनता की कोई चिंता नहीं है। राजस्थान में अपराध चरम पर हैं। लोग अपने तीज त्यौहार तक शांति से नहीं मना पाते। कब कहां दंगा हो जाए इसकी कोई गारंटी नहीं है। जयपुर बम ब्लास्ट के आरोपियों को हाईकोर्ट द्वारा बरी किए जाने की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार आतंकियों पर मेहरबान है और आकंठ तुष्टीकरण में डूब गई है। कांग्रेस के पास राजस्थान के लिए और देश के लिए कोई काम करने कोई मंगल कल्पना नहीं है। इनके पास कोई विचार और एजेंडा नहीं है।

 

योजना के लाभ की गारंटी देना भी धोखा

 

राजस्थान सरकार की ओर से सरकारी योजनाओं का लाभ देने की गारंटी देने वाले अभियान पर भी पीएम मोदी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कुशासन को ढकने के लिए नया फार्मूला खोज लिया। यह फार्मूला है झूठी गारंटियों का। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच साल पहले भी 10 दिन में कर्जा माफ करने की गारंटी दी थी। उसका क्या हुआ। युवाओं को रोजगार देने की गारंटी दी थी, उसका क्या हश्र हुआ। उन्होंने कहा कि ये लोग ऐसी गारंटी देते हैं जिनको अगर अमल में लाया जाए तो राज्य और देश दिवालिया हो जाए।

Comment / Reply From

Vote / Poll

राजस्थान में होने वाले राज्यसभा चुनाव 2023 में कौन जीतेगा

View Results
Congress
33%
BJP
67%
Rashtriya Loktantrik Party
0%
other
0%

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!