Dark Mode

गहलोत और पायलट के खिलाफ बीजेपी किसे उतारेगी चुनाव मैदान में...? - सरदारपुरा सीट पर गजेन्द्र, राजेन्द्र, और खेतासर के नाम की चर्चा, टोंक सीट पर अजीत सिंह और जौनपुरिया के नामों पर मंथन

गहलोत और पायलट के खिलाफ बीजेपी किसे उतारेगी चुनाव मैदान में...?

गहलोत और पायलट को कौन देंगे चुनौती, गजेन्द्र, राजेन्द्र, खेतासर, अजीत सिंह और जौनपुरिया के नामों पर मंथन


जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने भले ही 124 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी हो लेकिन इंतजार उन प्रत्याशियों का हो रहा है जो कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के सामने चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में अशोक गहलोत, सचिन पायलट और डॉ. सीपी जोशी को चुनाव मैदान में उतार दिया। गहलोत को जोधपुर शहर की सरदारपुरा और पायलट को टोंक से चुनाव मैदान में उतारा गया है। अब इंतजार इसी बात का हो रहा है कि कांग्रेस के इन दिग्गज नेताओं के सामने चुनाव कौन लड़ेगा। सरदारपुरा और टोंक विधानसभा सीटों पर भाजपा किसे प्रत्याशी बनाती है। सबकी निगाहें इन्हीं दोनों सीटों पर टिकी हुई है।

 

गहलोत के सामने कौन गजेन्द्र, राजेन्द्र या फिर से खेतासर

 

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को फिर से सरदारपुरा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। अब भाजपा प्रत्याशी के नाम का इंतजार किया जा रहा है। गहलोत के खिलाफ पिछले दो चुनाव शम्भू सिंह खेतासर ने लड़े थे। इससे पहले राजेन्द्र गहलोत तीन बार चुनाव लड़ चुके। सीएम गहलोत लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। इस बार गहलोत को टक्कर देने के लिए भाजपा मजबूत प्रत्याशी उतार सकती है। कहा जा रहा है कि लोकसभा सांसद और केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत या किसी अन्य बड़े चेहरे को गहलोत के सामने उतारा जा सकता है ताकि उन्हें सीधी चुनौती दी जा सके।

 

पायलट के सामने अजीत, जाकिया या फिर से यूनुस खान

 

कांग्रेस ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को फिर से टोंक से प्रत्याशी घोषित किया है। सचिन पायलट को चुनौती देने के लिए भाजपा किसे प्रत्याशी घोषित करती है। यह देखना बड़ा दिलचस्प होगा। पूर्व विधायक अजीत सिंह काफी मजबूत नेता हैं। वे वर्ष 2013 में 30343 मतों से चुनाव जीते थे लेकिन वर्ष 2018 में भाजपा ने अजीत सिंह के बजाय यूनुस खान को चुनाव मैदान में उतार दिया था। बताया जा रहा है भाजपा अगर पूर्व विधायक अजीत सिंह को प्रत्याशी घोषित करती है तो सचिन पायलट की मुश्किलें बढ़ सकती है। हालांकि पार्टी नेतृत्व पूर्व विधायक जाकिया और कुछ अन्य नेताओं के नाम पर भी मंथन कर रही है। टोंक सवाई माधोपुर से सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया भी काफी सक्रिय हैं। उनके नाम पर विचार किया जा रहा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!