Dark Mode

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड की साजिश में शामिल एक आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा के महेंद्रगढ़ का रहने वाला है रामवीर - हत्याकांड के बाद नितिन फौजी और राहुल राठौड़ को बाइक पर बैठाकर बगरू टोल प्लाजा तक छोड़कर आया राजवीर

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड की साजिश में शामिल एक आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा के महेंद्रगढ़ का रहने वाला है रामवीर

 

जयपुर। प्रदेश के बहुचर्चित सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में जयपुर पुलिस को पहली कामयाबी मिल गई है। हत्याकांड की साजिश में शामिल रहे रामवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी 23 वर्षीय रामवीर पुत्र सतवीर हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के पिलानिया थाना इलाके के सुरेती गांव का रहने वाला है। वह हमलावर नितिन फौजी का सहपाठी रहा है और दोनों के गांव आसपास ही हैं। दोनों अच्छे दोस्त हैं। गोगामेड़ी की हत्या करने वाले हमलावरों के जयपुर में ठहरने और फरार करने में रामवीर ने मदद की थी।

 

हीरापुरा चौराहे से बाइक पर बैठाकर बगरू तक ले गया

 

एडिशनल पुलिस कमिश्नर कैलाश बिश्नोई ने बताया कि हमलावर नितिन फौजी के जयपुर में ठहरने का इंतजाम रामवीर ने ही किया था। एक बार होटल में रुकवाया और दूसरी बार अपने परिचित के घर पर रुकवाया। दोनों हमलावरों द्वारा सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने के बाद फरार होने में रामवीर ने मदद की। हमलावर पहले स्कूटी छीनकर डीसीएम तक भागे। फिर ऑटो से हीरापुरा चौराहे तक पहुंचे। हीरापुरा चौराहे पर उन्हें रामवीर सिंह मिला। रामवीर ने राहुल राठौड़ और नितिन फौजी को अपनी मोटर साइकिल पर बैठाया और बगरू टोल प्लाजा से आगे तक लेकर गया। वहां से नागौर डिपो की रोडवेज बस में बैठा कर फरार कराया।

 

6 साल जयपुर में रहा रामवीर

 

गिरफ्तार आरोपी रामवीर और नितिन फौजी महेंद्रगढ़ के आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12 कक्षा में साथ पढ़ते थे। बाद में नितिन फौजी की फौज में नौकरी लग गई और वर्ष 2017 में रामवीर स्नातक की पढाई के लिए जयपुर आ गया। रामवीर ने जयपुर के मानसरोवर स्थित सेंट विल्फ्रेड कॉलेज से बीएससी किया। बाद में कालवाड़ रोड स्थित विवेक कॉलेज के एमएससी किया। एमएससी के एग्जाम खत्म होने के बाद अप्रैल 2023 में वह अपने महेंद्रगढ़ चला गया।

 

पुलिस पर हमला करने बाद रामवीर ने कराया फरार

 

9 नवंबर को महेंद्रगढ़ की सदर पुलिस टीम पर नितिन फौजी और उसके साथियों ने फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद नितिन फौजी फरार हो गया था। फरारी के दौरान रामवीर ने उसकी मदद की और जयपुर में रुकने का इंतजाम किया। नितिन वर्ष 2019 में फौज में भर्ती हुआ था। वर्तमान में उसकी पोस्टिंग अलवर में थी। 8 नवंबर को वह दो दिन की छुट्टी लेकर गांव गया था। अगले ही दिन तेज गति से गाड़ी भगाने के दौरान नितिन फौजी और उसके साथियों का गाड़ी पुलिस से टकरा गई। बाद में नितिन फौजी और उसके साथी पुलिस पर फायरिंग करके फरार हो गए थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Vote / Poll

राजस्थान में होने वाले राज्यसभा चुनाव 2023 में कौन जीतेगा

View Results
Congress
33%
BJP
67%
Rashtriya Loktantrik Party
0%
other
0%

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!