Dark Mode

राष्ट्रपति बनने के बाद दूसरी बार आबूरोड़ आ रही हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के चार दिवसीय ग्लोबल समिट का करेंगी उद्घाटन - धर्म, अध्यात्म, शिक्षा, राजनीति, व्यापार और मीडिया जगत की दिग्गज हस्तियां हिस्सा लेंगी

राष्ट्रपति बनने के बाद दूसरी बार आबूरोड़ आ रही हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के चार दिवसीय ग्लोबल समिट का करेंगी उद्घाटन

 

सिरोही। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक बार फिर राजस्थान दौरे पर आ रही हैं। इस बार उनका दौरा दो दिन का रहेगा। 3 और 4 अक्टूबर को उनके राजस्थान दौरे का कार्यक्रम बना है। दरअसल आबू रोड में स्थित ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में चार दिवसीय ग्लोबल समिट का आयोजन होना प्रस्तावित है। 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे इस समिट का उद्घाटन होना है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस समिट का उद्घाटन करेंगी। जानकारी के मुताबिक 3 अक्टूबर की शाम को राष्ट्रपति आबू रोड आएंगी और फिर शांतिवन में ही रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन समिट का उद्घाटन करेंगी।

 

आध्यात्मिकता विषय पर व्याख्यान देने आएंगे देश के ख्यातनाम विद्वान

 

ब्रह्माकुमारीज संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के लिए आध्यात्मिकता विषय पर ग्लोबल समिट होने जा रही है। इस समिट में अलग अलग सेक्टर के विद्वान हिस्सा लेंगे। समिट के संयोजक और संस्थान के कार्यकारी सचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मुख्यालय में ग्लोबल समिट आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर से धर्म, अध्यात्म, शिक्षा, राजनीति, व्यापार और मीडिया जगत की दिग्गज हस्तियां भाग लेंगी। 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के हाथों समिट का शुभारंभ किया जाएगा। दो सत्रों की इस समिट में कुल आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। रात्रि के समय देशभर से आए लोक कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। समिट को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है।

 

राष्ट्रपति बनने के बाद दूसरी बार आबू रोड आएंगी राष्ट्रपति

 

ब्रह्माकुमारीज संस्थान के कार्यकारी सचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई का कहना है कि राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मु जी दूसरी बार संस्थान परिसर में आने वाली हैं। इससे पहले वे 3 जनवरी 2023 को शांतिवन पहुंचीं थीं, जहां उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित आध्यात्मिकता से स्वर्णिम भारत का उदय कार्यक्रम में भाग लिया था। तब उन्होंने ब्रह्माकुमारीज के माउंट आबू स्थित ज्ञान सरोवर परिसर में रात्रि विश्राम किया और फिर अगले दिन सुबह मुरली क्लास में हिस्सा लिया। उन्होंने पांडव भवन में ब्रह्मा बाबा के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि भी अर्पित की थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लंबे समय से ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान से जुड़ी हैं। यहां सिखाए जाने वाले राजयोग मेडिटेशन के कारण उनके जीवन में बहुत बदलाव आया है। उन्होंने जीवन के कठिन दौर में राजयोग की बदौलत नई दिशा दी। आज भी वह सुबह 3.30 बजे से राजयोग ध्यान करती हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!