Dark Mode

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड - हमलावरों के बारे में पुलिस के पास है पूरी जानकारी, फिर भी पकड़ से दूर - पढें - रोहित सिंह राठौड़, नितिन फौजी और नवीन सिंह शेखावत के बारे में सब कुछ

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड - हमलावरों के बारे में पुलिस के पास है पूरी जानकारी, फिर भी पकड़ से दूर

 

जयपुर। राजधानी जयपुर में हुए सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के आरोपी तीसरे दिन भी पुलिस की पकड़ से दूर है। हमलावरों के बारे में पुलिस को पूरी जानकारी मिल चुकी है। दोनों हमलावरों की पहचान हत्याकांड के कुछ ही देर बाद कर ली गई। इसके बावजूद भी पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मंगलवार 5 दिसंबर की दोपहर को जयपुर के श्याम नगर स्थित सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के मकान में घुसकर बदमाशों ने उनकी हत्या की थी। हमलावरों के घर में घुसने, फायरिंग करने और भागने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है। फुटेज के आधार पर ही पुलिस ने हमलावरों की पहचान की है। हमलावरों के नाम रोहित सिंह राठौड़ और नितिन फौजी बताए गए हैं। रोहित नागौर जिले के मकराना के पास स्थित जूसरी गांव का रहने वाला है जबकि नितिन हरियाणा के महेंद्रगढ़ का रहने वाला है। दोनों हमलावरों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।

 

पहला हमलावर रोहित राठौड़

 

हत्याकांड के दिन मंगलवार 5 दिसंबर को पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज जारी किया गया। फुटेज के आधार पर दोनों हमलावरों की पहचान की गई। एक हमलावर नागौर जिले के मकराना के पास स्थित जूसरी गांव निवासी रोहित राठौड़ है। रोहित के पिता गिरधारी सिंह पहले आर्मी में थे। उनका पूरा परिवार करीब 30 साल पहले ही जयपुर में शिफ्ट हो गया। रोहित के पिता का निधन हो चुका है। रोहित की एक बहन है जिसकी शादी सैन्य परिवार में हुई है और रोहित अभी तक अविवाहित है। गांव में उनका पुराना मकान हैं जहां कोई नहीं रहता है। कभी कभार गांव में कोई शादी ब्याह के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रोहित वहां जाता रहता है।

 

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जा चुका जेल

 

पहला हमलावर रोहित राठौड़ के खिलाफ जयपुर में पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज है। वह नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है। रोहित का गांव जूसरी मकराना थाने के अंतर्गत आता है लेकिन मकराना में उसके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। रोहित के गांव के लोगों का कहना है कि रोहित देखने में सीधा साधा लड़का लगता है। किसी को इस बार पर विश्वास नहीं हो रहा कि एक साधारण सा लड़का इतने बड़े हत्याकांड को अंजाम दे सकता है। पुलिस ने रोहित के परिजनों, कुछ नजदीकी रिश्तेदारों और परिचितों को हिरासत में लिया है और रोहित के बारे में पूछताछ की जा रही है।

 

दूसरा हमलावर नितिन भगोड़ा फौजी

 

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड का दूसरा हमलावर हरियाणा के महेंद्रगढ़ के पास स्थित दौंगडा जाट गांव निवासी नितिन फौजी है। वह 2019 में सेना में भर्ती हुआ था। उसका भाई विकास भी फौजी है। दोनों की पोस्टिंग अलवर में थी। 8 नवंबर 2023 को नितिन दो दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव गया था। 10 नवंबर को महेंद्रगढ़ के सदर थाने में हत्या के प्रयास का एक मुकदमा दर्ज हुआ जिसमें नितिन का भी नाम था। उस प्रकरण में 3 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं लेकिन नितिन फरार है। फरारी के कारण वह फौज की ड्यूटी जॉइन करने भी नहीं गया।

 

हमलावरों के साथी नवीन की भूमिका स्पष्ट नहीं

 

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले दो हमलावरों के साथ तीसरा युवक नवीन सिंह शेखावत भी था। नवीन जयपुर के पास शाहपुरा का रहने वाला था और कपड़े का व्यापार करता था। नवीन ने कुछ दिन पहले वैशाली नगर स्थित एक कार रेंटल कंपनी से बोलेरो गाड़ी किराए पर ली थी। उसी गाड़ी में सवार होकर तीन सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर पहुंचे थे। नवीन ने अपने मोबाइल से गोगामेड़ी की किसी व्यक्ति से बात कराई थी। रोहित और नितिन सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के ठीक सामने सोफे पर बैठे थे और नवीन गोगामेड़ी के बायीं ओर के सोफे पर बैठा था। रोहित और नितिन ने अचानक फायरिंग शुरू की। पहली गोली सुखदेव सिंह गोगामेड़ी और दूसरी गोली नवीन सिंह को मारी गई। यह समझ से परे है कि हमलावरों ने अपने साथ आए नवीन को क्यों मारा। नवीन ही दोनों को लेकर गोगामेड़ी के घर पहुंचा था। इसके बावजूद भी हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी। लोगों का कहना है कि हमलावरों ने नवीन सिंह शेखावत को मोहरा बनाया। किसी काम की डील के बहाने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी से मिलने आए और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है। 

Comment / Reply From

You May Also Like

Vote / Poll

राजस्थान में होने वाले राज्यसभा चुनाव 2023 में कौन जीतेगा

View Results
Congress
33%
BJP
67%
Rashtriya Loktantrik Party
0%
other
0%

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!