Dark Mode

'तुम राम बनकर संजीवनी घोटाले के ढाई लाख पीड़ितों के रुपए लौटा दो' : गहलोत - केंद्रीय मंत्री शेखावत द्वारा गहलोत के खिलाफ टिप्पणी पर सीएम का पलटवार

'तुम राम बनकर संजीवनी घोटाले के ढाई लाख पीड़ितों के रुपए लौटा दो' : गहलोत

जयपुर। चुनावी साल में राजनेताओं के बयान तल्ख होते जा रहे हैं। भाजपा की ओर से चित्तौड़गढ़ में आयोजित जन आक्रोश रैली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक के लिए रावण शब्द का इस्तेमाल किया। अपने संबोधन के दौरान शेखावत ने कहा कि राजस्थान में राजनीति के रावण अशोक गहलोत को समाप्त करना है और राम राज्य की स्थापना करनी है। इस दौरान बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने शेखावत की बात का समर्थन करते हुए दोनों हाथ खड़े किए थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शेखावत के बयान का पलटवार किया है। हनुमानगढ़ के रावतसर में महंगाई राहत कैंप का अवलोकन करने गए अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को जवाब दिया। गहलोत ने कहा कि मान लिया, मैं रावण हूं लेकिन तुम राम बनकर दिखाओ। संजीवनी क्रेडिट कॉ-ऑपरेटिव घोटाले के ढाई लाख पीड़ित लोगों के रुपए लौटा दो। गहलोत ने कहा कि तुम मर्यादा पुरुषोत्तम राम बनना सीखो।

संजीवनी घोटाले में जेल जाएंगे गजेन्द्र सिंह - अशोक गहलोत

संजीवनी क्रेडिट कॉ-ऑपरेटिव सोसायटी घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गजेन्द्र सिंह शेखावत भी अन्य मुलाजिमों की तरह मुल्जिम है। गहलोत ने कहा कि गजेन्द्र सिंह शेखावत के कई मित्र जेल में हैं और गजेन्द्र सिंह शेखावत भी कभी भी जेल जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि गजेंद्र सिंह शेखावत और बीजेपी नेता मेरे बारे में अब अपशब्द कह रहे हैं। वे कह रहे हैं अशोक गहलोत रावण है। अरे भाई तूने लूट लिया। पैसे खाकर बैठ गए। मुझे रावण कहने से पहले तुम राम बनकर ढाई लाख लोगों के करोड़ों रुपए वापस लौटाओ। देश विदेश की प्रॉपर्टी बेच कर पैसे लौटाए तो मैं भी उन्हें राम कहूंगा।

मुल्जिम नहीं है तो जमानत क्यों ली

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गजेन्द्र सिंह शेखावत कहते हैं कि वे मुल्जिम नहीं हैं। अगर मुल्जिम नहीं हैं तो जमानत के लिए हाईकोर्ट क्यों गए। गहलोत ने यह भी कहा कि ऐसे भ्रष्ट मंत्री को केन्द्र सरकार ने मंत्री बना रखा है। पीएम मोदी को चाहिए कि ऐसे भ्रष्ट मंत्री को तुरंत बर्खास्त करें। गहलोत ने कहा कि भाजपा वाले मुझ पर चाहे जितने पत्थर फेंक ले। उन पत्थरों से मैं स्कूल और अस्पताल बनाऊंगा, यह मेरी सोच है।

कांग्रेसी नेताओं ने शेखावत के बयानों की निंदा

गजेन्द्र सिंह शेखावत द्वारा मुख्यमंत्री के लिए रावण शब्द का इस्तेमाल करने पर कई कांग्रेसी नेताओं ने पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस के सचिव एडवोकेट जसवंत सिंह ने कहा है कि भाजपा के नेता जिस प्रकार की भाषा का उपयोग कर रहे हैं उसमें उनकी 4 साल की बौखलाहट दिखाई दे रही है। जन आक्रोश में भीड़ न जुटने की खीज भी झलकती है। जसवंत सिंह ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह जी को संजीवनी घोटाले में अपना भविष्य दिखाई दे रहा है, उसका भय उनके बयानों में झलक रहा है। मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा ने शेखावत के बयान को निंदनीय बताया है। शर्मा ने कहा कि इस तरह का बयान देकर गजेन्द्र सिंह शेखावत जी ना केवल मुख्यमंत्री का बल्कि पूरे राजस्थान का अपमान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लोगों को महंगाई से राहत दे रहे हैं। भाजपा को यह सहन नहीं हो रहा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Vote / Poll

राजस्थान में होने वाले राज्यसभा चुनाव 2023 में कौन जीतेगा

View Results
Congress
33%
BJP
67%
Rashtriya Loktantrik Party
0%
other
0%

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!