Dark Mode

जयपुर के दो रेलवे स्टेशनों के नाम बदलेंगे, जानिए क्यों बदला जा रहा गांधी नगर और खातीपुरा स्टेशन का नाम - यात्रियों को असमंजस की स्थिति से बचाने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिए निर्देश

जयपुर के दो रेलवे स्टेशनों के नाम बदलेंगे, जानिए क्यों बदला जा रहा गांधी नगर और खातीपुरा स्टेशन का नाम

 

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के शहरी क्षेत्र में 7 रेलवे स्टेशन हैं। इन 7 स्टेशनों में से दो स्टेशनों का नाम बदलने जा रहे हैं। 7 रेलवे स्टेशनों में जयपुर जंक्शन, गांधीनगर, सांगानेर, खातीपुरा, दुर्गापुरा, कनकपुरा और ढेहर के बालाजी शामिल हैं। इनमें से गांधीनगर रेलवे स्टेशन और खातीपुरा रेलवे स्टेशन के नाम जल्द ही बदले जाएंगे। इस बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर पश्चिम रेल मंडल के अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। मंडल के अधिकारी अब नाम परिवर्तन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय और रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजेंगे।

 

नाम बदलने की नौबत क्यों आई

 

जयपुर का गांधीनगर रेलवे स्टेशन बहुत पुराना रेलवे स्टेशन है। यह शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्र में हैं और रोजाना लाखों यात्रियों का आवागमन इस स्टेशन से होता है। जयपुर और आसपास के लोग तो गांधी नगर रेलवे स्टेशन से अच्छी तरह वाकिफ हैं लेकिन राजस्थान के अन्य जिलों और बाहरी राज्यों के यात्री इस नाम को लेकर असमंजस की स्थिति में पड़ जाते हैं। एक गांधी नगर गुजरात है जिसका नाम पूरा देश जानता है। जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन को लोग गुजरात का गांधीनगर समझ लेते हैं। इस असमंजस की स्थिति को दूर करने के लिए नाम बदला जा रहा है। इसी तरह खातीपुरा नाम को बहुत कम लोग जानते हैं। ऐसे में इसे भी नया नाम दिया जाना तय किया गया है।

 

आगे जयपुर जुड़ेगा या बिल्कुल नया नाम होगा

 

गांधीनगर और खातीपुरा रेलवे स्टेशनों का नया नाम क्या होगा। इस पर अभी मंथन चल रहा है। फिलहाल कोई नया नाम सामने नहीं आया है जिस पर विचार किया जा सके। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार से राय लेकर नये नाम के बारे में विचार किया जाएगा। या यह भी हो सकता है कि गांधीनगर और खातीपुरा स्टेशनों के साथ जयपुर का नाम जोड़ दिया जाए ताकि यात्रियों को पता रहे कि ये जयपुर के रेलवे स्टेशन हैं।

 

दोनों शहर के प्रमुख स्टेशनों में शामिल

 

जयपुर का गांधीनगर और खातीपुरा रेलवे स्टेशन दोनों अपने आप में बड़े स्टेशन बन गए हैं। गांधीनगर रेलवे स्टेशन की सबसे बड़ी पहचान यह है कि इस स्टेशन का पूरा काम महिला स्टाफ संभालती है। स्टेशन मास्टर से लेकर तमाम कर्मचारी यहां महिलाएं हैं। महिला कर्मचारियों की ओर से संचालित इस स्टेशन को कई अवॉर्ड भी मिल चुके हैं। उधर खातीपुरा रेलवे स्टेशन अब बड़ा बनने जा रहा है। इसे जयपुर शहर का पहला टर्मिनल स्टेशन बनाया जा रहा है जहां से देश के सभी बड़े स्टेशनों को सीधा जोड़ा जाएगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!