Dark Mode

जोधपुर में मकान की छत पर संचालित थी ड्रग्स की फैक्ट्री, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने कर दिया भंडाफोड़ - 3 करोड़ कीमत की 3.055 किलो एमडी और 55.725 किलो केमिकल बरामद, फैक्ट्री संचालक गणपत बेनीवाल गिरफ्तार

जोधपुर में मकान की छत पर संचालित थी ड्रग्स की फैक्ट्री, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने कर दिया भंडाफोड़

 

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयास रंग ला रहे हैं। सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन किया था जो पिछले दो साल से लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाइयां कर रही है। बड़े बड़े कुख्यात गैंगस्टर की धरपकड़ के साथ नशीले पदार्थों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की जा रही है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्ट की टीम ने जोधपुर के बनाड़ क्षेत्र के एक मकान की छत पर बनी ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी है। इस फैक्ट्री के साथ लैब भी संचालित थी जहां एमडी जैसा खतरनाक नशा तैयार किया जा रहा था।

 

सांचौर के तस्कर से मिलकर बनाई थी फैक्ट्री

 

एंडी गैंगस्टर टास्क फोर्स के एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में जोधपुर के बनाड थाना क्षेत्र में एक घर की छत पर चल रही अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 3.055 किलोग्राम निर्मित एमडी और 55 किलो 725 ग्राम घातक रसायन बरामद किए हैं। जब्त की गई ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपी गणपतराम बेनीवाल (उम्र 40 वर्ष) निवासी मण्डली, बालोतरा हाल शंकर नगर बनाड़, जोधपुर  ने अपने 12 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए सांचौर के तस्करों आसुराम उर्फ लक्की और भाणु के साथ सौदा किया था। उसने अपने ही घर बेनीवाल सदन को जहर बनाने की लैब में तब्दील कर दिया था। जानकारी के अनुसार बरामद रसायनों से 60 किलो और एमडी ड्रग्स तैयार करने की खतरनाक योजना थी।

 

बल्ब की रोशनी में बन रहा था जहर

 

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि राजस्थान एजीटीएफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि जोधपुर शहर में ड्रग्स माफियाओं द्वारा भारी मात्रा में ड्रग्स पैडलरों को लगातर एमडी की सप्लाई की जा रही है। इसी क्रम में एजीटीएफ के एएसआई राकेश जाखड़ को मिली गोपनीय सूचना पर एसपी ज्ञानचंद यादव और एडीशनल एसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। सूचना पर टीम ने तुरंत जाल बिछाने की रणनीति तैयार की। इसके बाद एजीटीएफ, एटीएस, डीएसटी और बनाड़ थाना पुलिस ने रात के अंधेरे में सुनसान इलाके में स्थित मकान की घेराबंदी की। जब टीम छत पर पहुंची तो वहां का नजारा दंग करने वाला था। बिजली के बल्ब की रोशनी में गद्दे पर एमडी सुखाई जा रही थी और चारों तरफ रसायनों के ड्रम व इलेक्ट्रॉनिक चूल्हे बिखरे पड़े थे।

 

बरामदगी का ब्यौरा यहां पढें

 

पुलिस टीम ने मौके से 3.055 किलोग्राम निर्मित एमडी ड्रग, डाइक्लोरो मीथेन, मैक्स फाइन केम, डी-आयोनाइज्ड वाटर और ज्योति हाइड्रोटेक जैसे घातक केमिकल और इलेक्ट्रॉनिक चूल्हा, 9 बाल्टियां, स्टील के बर्तन और ड्रग्स सुखाने के उपकरण इत्यादि जब्त किए है। इस ड्रग्स फैक्ट्री का खुलासा करने वाली टीम में एएसआई राकेश जाखड़ और कांस्टेबल सुमेर सिंह की विशेष भूमिका रही। तकनीकी सहयोग एएसआई रमेश कुमार यादव ने दिया। बनाड़ थानाधिकारी लेखराज और डीएसटी प्रभारी खेत सिंह की टीम ने मौके पर प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमृत लाल जीनगर को सौंपी गई है। 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!