जापानी लड़की के साथ जयपुर में हुई गंदी हरकत, जयगढ़ महल घूमने गई तो 5 लड़कों ने की छेड़छाड़, शोर मचाते हुए भागकर बचाई जान - सिक्योरिटी गार्ड को सुनाई आपबीती, CCTV खंगालकर बदमाशों का पता लगा रही आमेर पुलिस
जयपुर। जयपुर घूमने के लिए आई जापानी लड़की के साथ जयपुर में गंदी हरकत हो गई। लेडी टुरिस्ट जयपुर के पर्यटन स्थलों को देखने के लिए निकली थी। सुबह के समय वह जयगढ़ महल पहुंची। महल के पास पहाड़ी इलाके में जब वह अकेले घूमते हुए फोटोग्राफी कर रही थी। उसी दौरान 5 लड़के उसके पास पहुंचे। उन लड़कों ने महिला पर्यटक के साथ गंदी हरकतें करना शुरू कर दिया। चूंकि महिला पर्यटक के साथ और कोई नहीं था। ऐसे में सिरफिरे लड़कों ने उसे घेर लिया और छेड़छाड़ करने लगे।
चिल्लाते हुए भागकर बचाई जान
महिला पर्यटक ने पुलिस को बताया कि 3 दिन पहले वह जयपुर आई थी। रविवार सुबह करीब 8 बजे वह जयगढ़ महल पहुंची थी। महल के पास से होते हुए वह गणेश मंदिर की ओर जा रही थी। उसी दौरान 5 लड़कों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। पहले बातचीत करने लगे और फिर गंदी हरकतें शुरू कर दी। सिरफिरे लड़कों की हरकतों से परेशान होकर महिला पर्यटक चिल्लाने लगी और शोर मचाते हुए सिक्योरिटी गार्ड की ओर दौड़ी। सिक्योरिटी गार्ड को उसने आपबीती बताई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिक्योरिटी गार्ड की सूचना पर आमेर पुलिस मौके पर पहुंची। जापानी महिला पर्यटक की ओर से आमेर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों का पता लगा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर सिरफिरे लड़कों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
लगातार हो रही गंदी हरकतें
पिछले दिनों जयपुर में एक ऑटो चालक की गंदी हरकत सामने आई थी। एक विदेश सैलानी जो ऑटो में सफर कर रही थी। उस दौरान ऑटो चालक ने महिला पर्यटक के साथ अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया। महिला पर्यटक को उन शब्दों का अर्थ नहीं पता था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार किया था। हाल ही में जलमहल की पाल में घूम रही एक लेडी टुरिस्ट के साथ ही सेल्फी लेने के लिए कुछ शरारती लड़कों ने महिला पर्यटक के साथ बदसलूकी की। इस घटना के फोटोग्राफ भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
Comment / Reply From
You May Also Like
Recommended posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!
