बुरे फंसे नरपत सिंह राजवी, चित्तौड़गढ़ से टिकट मिलने पर मौजूदा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या समर्थकों का जबरदस्त विरोध - आक्या के समर्थकों ने फूंका सीपी जोशी का पुतला, मुर्दाबाद के नारे भी लगाए

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होने के बाद नरपत सिंह राजवी बुरी तरह फंसते नजर आ रहे हैं। पांच बार विधायक रहे नरपत सिंह राजवी को विद्याधर नगर के बजाय चित्तौड़गढ़ से प्रत्याशी घोषित किया है। चित्तौड़गढ़ के मौजूदा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के समर्थकों ने राजवी का भारी विरोध किया है। आक्या के समर्थकों ने बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी का पुतला फूंका है। चित्तौड़गढ़ से लगातार दो बार विधायक बनने वाले चंद्रभान सिंह आक्या का टिकट कटने से समर्थक भारी विरोध कर रहे हैं।
पुतला दहन कर मुर्दाबाद के नारे लगाए
चंद्रभान सिंह आक्या चित्तौड़गढ़ से लगातार दो बार विधायक बने हैं। वर्ष 2013 में वे 11,850 वोटों से जीते थे और वर्ष 2018 का चुनाव 23,894 वोटों से जीते थे। लगातार चुनाव जीतने के बाद भी आक्या का टिकट काटे जाने पर उनके समर्थक पार्टी नेतृत्व का भारी विरोध कर रहे हैं। शनिवार दोपहर को 83 प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद हजारों की संख्या में आक्या के समर्थक उनके ऑफिस में जुटे। समर्थकों ने बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी का पुतला फूंका और मुर्दाबाद के नारे लगाए।
अब क्या होगा नरपत सिंह राजवी का
नरपत सिंह राजवी दो बार चित्तौड़गढ़ से विधायक रह चुके हैं। पहली बार वर्ष 1993 और दूसरी बार वर्ष 2003 में राजवी ने चित्तौड़गढ़ सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। वर्ष 2008, 2013 और 2018 में वे जयपुर की विद्याधर नगर सीट से विधायक बने। पहली सूची में विद्याधर नगर सीट से राजवी का टिकट काट कर सांसद दीया कुमारी को टिकट दे दिया गया था जिसके बाद राजवी ने काफी नाराजगी जाहिर की। अब दूसरी लिस्ट में उन्हें चित्तौड़गढ़ से प्रत्याशी घोषित किया गया। अब चित्तौड़गढ़ में राजवी का भारी विरोध हो रहा है। अगर चित्तौड़गढ़ से चंद्रभान सिंह आक्या चुनाव लड़ने का ऐलान करते हैं तो राजवी की मुसीबत बढ़ना तय है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Recommended posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!