Dark Mode

पीएम मोदी की सभा से पहले जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का शक्ति प्रदर्शन - रक्षा सूत्र बांधने पहुंची हजारों महिलाओं से बोली वसुंधरा राजे - 'राजस्थान में ही रहकर सेवा करती रहूंगी'

पीएम मोदी की सभा से पहले जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का शक्ति प्रदर्शन

 

जयपुर। सोमवार 25 सितंबर को जयपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी सभा होनी है। इस सभा से ठीक दो दिन पहले 23 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का एक शक्ति प्रदर्शन सामने आया है। प्रदेश की हजारों महिलाएं राजे के सरकारी आवास 13 सिविल लाइंस पर पहुंची। महिलाओं ने पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान वसुंधरा राजे ने कहा कि वे राजस्थान छोड़कर कहीं नहीं जाने वाली है। यहीं रहकर वे प्रदेशवासियों की सेवा करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से महाभारत में कृष्ण की अंगुली कट गई थी तब द्रौपदी ने साड़ी फाड़ कर कृष्ण की उंगली पर बांधी थी। कृष्ण ने भी कोरवों से द्रौपदी की रक्षा की। महिलाओं द्वारा रक्षा सूत्र बांधने के बाद राजे ने कहा कि अब वे भी कृष्ण की प्रेरणा से लोगों की सेवा करेंगी और हर राजस्थानी के हक के लिए लड़ती रहेंगी।

महिला विरोधी कांग्रेस सरकार को बहा ले जाएगा यह प्रवाह

महिलाओं द्वारा रक्षा सूत्र बांधे जाने पर वसुंधरा राजे ने कहा कि मातृशक्ति का यह रक्षा सूत्र उन्हें हर मुश्किल से हौसला देगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के जोश को देखकर लगता है कि नारी शक्ति का यह प्रवाह राजस्थान की महिला विरोधी कांग्रेस सरकार को बहाकर ले जाएगा। यूं तो यह रक्षा सूत्र एक कच्चा धागा है लेकिन उनके लिए यह बहुत की मजबूत और अटूट है। राजे ने कहा कि यह सूत्र उनके लिए सुरक्षा कवच है। इसमें राजस्थान की संपूर्ण महिलाओं की शक्ति है जो उन्हें हर मुश्किल पार करने का हौसला देगा।

महिला आरक्षण बिल पारित होने पर दी बधाई

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। राजे ने कहा कि मोदी जी ने महिला आरक्षण बिल के माध्यम से यह स्पष्ट किया है कि मातृशक्ति की भागीदारी के बिना किसी भी राष्ट्र के नव निर्माण की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण दिए जाने की मांग लम्बे समय से चल रही थी लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं की इस मांग को पूरा करके महिलाओं के सम्मान और उनके हक की रक्षा की है।

 

राजे के आवास पर लगी भीड़ ने सबको चौंकाया

 

राजस्थान में दो महीने बाद विधानसभा चुनाव है लेकिन वसुंधरा राजे फिलहाल चुनाव प्रचार में एक्टिव नहीं हुई हैं। पार्टी की ओर से प्रदेशभर में परिवर्तन संकल्प यात्राएं निकाली गई लेकिन केन्द्रीय नेताओं के साथ यात्रा को हरी झंडी दिखाने के अलावा वसुंधरा राजे ने परिवर्तन यात्रा से दूरी बनाए रखी। बीजेपी ने इस बार किसी भी नेता को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया है। राजे को सीएम चेहरा घोषित नहीं किए जाने पर राजे और उनके समर्थक पार्टी से नाराज नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी की सभा से ठीक दो दिन पहले राजे के आवास पर हुए शक्ति प्रदर्शन ने भी सबको चौंका दिया है। सियासी गलियारों में यह चर्चाएं हैं कि राजे को नजर अंदाज करके पार्टी को महंगा पड़ सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!